तिलहर। गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने समेत 14 मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी ने बुधवार को किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में धरना दिया। सूचना पर प्रधान प्रबंधक डॉ. सुभाष यादव और नायब तहसीलदार ने किसानों से वार्ता कर जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में किसानों ने नाबार्ड योजना के तहत खाद-कीटनाशक ऋण पर उपलब्ध कराने, छोटे किसानों को प्राथमिकता से गन्ना पर्चियां जारी करने, चार बंद खाद गोदाम खुलवाने और कृषक दुर्घटना बीमा योजना दोबारा लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने और मिल तक आने वाले गन्ना मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की।
यूनियन ने 14 नवंबर को मांगपत्र सौंपकर 17 नवंबर तक समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। धरने में संस्थापक ओम प्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव, प्रमोद कुमार वर्मा, रमाकांत यादव, सोनी सिंह, तैयब खान और नेत्रपाल मौर्य आदि मौजूद रहे।