तिलहर में धरना देते किसान यूनियन के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : Samvad
तिलहर। 15 सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रकोष्ठ का तिलहर-निगोही मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। शाम पांच बजे तक प्रशासन का कोई अधिकारी किसानों से वार्ता करने नहीं पहुंचा।
जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह और तहसील अध्यक्ष गेंदन लाल ने पूर्वी भक्सी तिराहा स्थित चौक नाला की सफाई समेत 15 मांगें उठाईं। किसान नेताओं के अनुसार धरना शुरू होने के बाद प्रशासन ने नाला सफाई की समस्या को गंभीरता से लिया। एसडीएम आदित्य श्रीवास्तव के निर्देश पर बुधवार को राजस्व विभाग और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चौक नाले की सफाई कराई। अन्य मांगों को लेकर धरनास्थल पर वार्ता नहीं की गई। किसानों ने चेतावनी दी कि सभी मांगों का समाधान होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। संवाद