निगोही डालमिया चीनी मिल गेट पर प्रदर्शनकारियों से वार्ता करतीं विधायक सलोना कुशवाहा। संवाद
- फोटो : shrinagar news
निगोही। डालमिया चीनी मिल के पेराई सत्र के शुभारंभ के दिन बुधवार को किसानों ने 14 सूत्री मांगों को लेकर मिल गेट पर प्रदर्शन किया। गन्ना वाहनों का आवागमन रोकने से सड़क पर ट्राॅलियों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान किसानों और मिल के गन्ना महाप्रबंधक आशीष बंसल के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। विधायक सलोना कुशवाहा के हस्तक्षेप पर मिल प्रशासन से वार्ता के बाद एक गुट ने एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया, जबकि दूसरा गुट धरने पर बैठा रहा।
ग्राम ढकिया तिवारी निवासी सत्यम भदौरिया और आशीष भदौरिया के नेतृत्व में सुबह करीब 10 बजे कई किसान मिल गेट पर पहुंचे। उन्होंने गन्ना वाहनों के आवागमन के दोनों रास्ते बंद कर दिए। किसानों ने जाम की समस्या से निजात दिलाने, सड़क पर स्ट्रीट लाइट और सीसी कैमरे लगवाने, चीनी के बढ़ते दाम के आधार पर 200 रुपये प्रति क्विंटल बोनस, दूषित पानी और काली राख की समस्या दूर कराने समेत 14 मांगों का ज्ञापन मिल प्रशासन को दिया।
वार्ता के दौरान तत्काल समाधान की मांग को लेकर किसानों और महाप्रबंधक के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। इसके बाद विधायक सलोना कुशवाहा मिल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई। महाप्रबंधक ने एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। विधायक ने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए मिल प्रशासन से उन्हें दूर करने के लिए कहा।
वहीं, समाजसेवी सत्यपाल सक्सेना के नेतृत्व में किसानों का दूसरा गुट बोनस समेत अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठा रहा। किसानों ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान होने तक गन्ने की तौल नहीं होने देंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह और जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रजापति ने धरने को समर्थन दिया। अजय प्रताप सिंह ने किसानों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामजी अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भी किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
किसानों की समस्याओं पर विचार किया जा रहा है। कोशिश रहेगी कि एक हफ्ते में समाधान करा दिया जाए।
-आशीष बंसल, गन्ना महाप्रबंधक, चीनी मिल