पुवायां। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मुखिया वीएम सिंह के प्रयास से हाईकोर्ट ने गन्ने का बकाया ब्याज दिलाने के मामले में अधिकारियों को तलब किया था। इस पर अधिकारियों ने ब्याज के लिए चीनी मिलों को पत्र भेजा है। किसानों ने इस पर खुशी जताई है और वीएम सिंह को धन्यवाद दिया है।
गन्ने का बकाया भुगतान देने में देरी पर ब्याज देने का पत्र जारी होने के बाद संगठन के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि वीएम सिंह ने किसानों को ब्याज दिलाने की लड़ाई जीत ली है, इससे लाखों किसानों को लाभ होगा और भविष्य में ब्याज देने के डर से चीनी मिले किसानों को समय से गन्ना भुगतान करेंगी।
तहसील महासचिव सचिन मिश्रा ने कहा की यह किसानों की बड़ी जीत है। वीएम सिंह हमेशा किसानों के हक के लिए लड़ते रहते हैं। पुवायां में किसानों ने एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर ब्याज का आदेश जारी होने पर खुशी जताई। किसानों ने कहा कि वीएम सिंह बिना किसी लोभ, लालच के किसानों के साथ खड़े रहते हैं। इस दौरान संगीत मिश्रा, विकास सिंह, राजू कुमार, प्रशांत कुमार, आशीष पांडे, वैभव पांडे, विशाल सक्सेना, अमन कुमार, सतनाम सिंह, राजीव कश्यप, नीरज कश्यप सहित तमाम किसान मौजूद रहे।