तिलहर। चीनी मिल गेट के तौल कांटे पर शनिवार सुबह ट्राॅली में सूखा गन्ना लाए जाने पर मिल के गन्ना अधिकारी और मिल प्रबंधक से किसान की कहासुनी होने लगी। इस दौरान किसान को धक्का दिए जाने पर पर वहां मौजूद अन्य किसान भड़क गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया।
खिरिया सकटू का एक किसान ट्राॅली में सूखा गन्ना भरकर तौल कांटे पर ले आया। वहां मौजूद मिल के गन्ना अधिकारी दमिनेश राय ने किसान से खराब गन्ना लाए जाने पर नाराजगी जताई, लेकिन किसान अपना गन्ना तुलवाने पर अड़ा रहा। इस दौरान मिल प्रबंधक जंग बहादुर यादव भी पहुंच गए। उन्होंने गन्ना सूखा होने पर किसान से ट्राॅली वापस ले जाने के लिए कहा। इस बात पर अधिकारियों और किसान के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। बताते हैं कि मिल प्रबंधक ने किसान को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन अन्य किसान धक्का देने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
अधिकारियों और किसानों के बीच तनातनी होने पर मिल प्रबंधन ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस के आने पर गन्ना किसान की सूखी ट्राली को वापस करा दिया गया। गन्ना अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वह मिल को अगोला रहित ताजा गन्ना आपूर्ति करें।
000
वर्जन
गांव खिरिया का एक किसान ट्राॅली में सूखा गन्ना लेकर आया था। तौल कांटे पर जांच में गन्ना खराब पाया तो ट्राॅली वापस ले जाने को कहा। इसी बात को लेकर किसान नाराज हो गए, लेकिन बाद में शांत हो गए।
-दमिनेश राय, गन्ना अधिकारी, चीनी मिल
-
किसान खराब गन्ना लेकर आया था। उससे जब गन्ना वापस ले जाने को कहा तो वह लड़ने को आमादा हो गया। उसने गन्ना विकास निरीक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी तो पुलिस बुलानी पड़ी। धक्का दिए जाने की बात निराधार है।
-जंग बहादुर यादव, मिल प्रबंधक
000
रोजा चीनी मिल के अंदर युवक से मारपीट
भावलखेड़ा। रोजा चीनी मिल के अंदर तौल कांटे के पास शुक्रवार दोपहर पहले अपनी ट्राॅली तुलवाने को लेकर कांट क्षेत्र के फारुखपुर नारायणपुर निवासी दलेर सिंह से कुछ लोगों ने मारपीट की। उन्होंने इस मामले में कांट क्षेत्र के गांव गंधार निवासी सर्वजीत सिंह और तिलहर क्षेत्र के गांव मीरपुर के सुखविंदर सिंह व रंजीत सिंह के खिलाफ थाना रामचंद्र मिशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। संवाद