कांट/सेहरामऊ दक्षिणी। साधन सहकारी समितियों पर मांग की तुलना में खाद कम मिलने पर मंगलवार को किसानों ने हंगामा किया। बाद में वहां के सचिवों ने पुलिस बुलाकर उसके सामने खाद का वितरण कराया।
कांट ब्लॉक की औदापुर साधन सहकारी समिति पर उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ किसानों ने गोदाम के कर्मचारियों हरिगोपाल और रमेश से मारपीट करते हुए कागज छीन लिए। सचिव सर्वेश यादव ने दखल दिया तो उनसे गाली गलौज करते हुए आरोपी किसानों ने कागज फाड़ दिए। बाद में सचिव ने थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि खाद वितरण को लेकर समिति की कर्मचारियों से किसानों का विवाद होने की जांच कराई जा रही है।
उधर, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव खिरियाहीर में सहकारी समिति पर खाद वितरण के दौरान किसानों के हंगामा करने पर सचिव जफरुल हसन ने पुलिस बुला ली। बाद में पुलिस की मौजूदगी में किसानों की लाइन लगवाकर डीएपी का वितरण कराया। कुछ लोगों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप भी लगाया। हालांकि पुलिस ने इससे इन्कार किया है।
सचिव ने बताया कि समिति पर करीब दो सौ बोरी डीएपी उपलब्ध है, लेकिन खाद लेने 350 से ज्यादा किसान आ जाने से सभी को मांग के अनुरूप खाद देना कठिन हो गया। इसलिए प्रत्येक किसान को सिर्फ एक बोरी डीएपी दी गई। संवाद
16 गांवों के किसानों के लिए समिति पर आई सिर्फ 400 बोरी एनपीके
परौर। धान की कटाई का काम पूरा होने के बाद अब गेहूं की बोआई का दौर शुरू हो गया है, लेकिन किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रही है। धान के सीजन में यूरिया की किल्लत बनी रही। अब समिति के गोदामों में यूरिया का स्टॉक भरा हुआ है, लेकिन गेहूं की बोआई के वक्त डीएपी और एनपीके के लिए किसान भटक रहे हैं।
चौकिया साधन सहकारी समिति के गोदाम पर 400 बोरी एनपीके का नया स्टॉक आ गया है, लेकिन किसानों की मांग को देखते हुए खाद की यह मात्रा बहुत कम है। इसी समिति से 16 गांवों और उनके नौ मजरे भी जुड़े हैं। जनपद के अंतिम छोर पर बसे कटरी क्षेत्र के अति पिछड़े चौकिया गांव की समिति पर खाद के ट्रक देर से पहुंचते हैं, क्योंकि कोलाघाट का पुराना पुल भारी वाहनों के यातायात के लिए बंद है।
यही वजह है कि समिति के कर्मचारी भी कम मात्रा में आई खाद का सभी किसानों में वितरण को लेकर पशोपेश में हैं। समिति के प्रभारी सचिव माधवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार बुधवार से खाद का वितरण किया जाएगा और शेष बचे किसानों को बाद में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद