खुटार के गांव सौंफरी के अरुण वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
खुटार। घर से कोल्हू पर सरसों की पिराई कराने निकले गांव सौंफरी के 42 वर्षीय अरुण वर्मा का शव और उनकी बाइक सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पड़ी मिली। पुलिस और परिजनों का मानना है कि पशुओं के झुंड से बाइक टकराने के बाद अरुण बाइक सहित गड्ढे में जा गिरे और उनकी मौत हो गई।
अरुण वर्मा 20 मार्च की शाम घर से सरसों की पिराई कराने खुटार गए थे। रात नौ बजे तक वापस न आने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर कॉल की लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा। इसके बाद अरुण की तलाश शुरू की गई। रात लगभग साढ़े 11 बजे खुटार-बंडा रोड पर गांव नगरा की मोड़ के पास पानी भरे गड्ढे में एक बाइक दिखाई दी। पास जाकर देखने पर अरुण वर्मा बाइक के नीचे दबे मिले। परिजन उनको गड्ढे से निकालकर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अरुण की मौत से पत्नी कुसुमा देवी, पुत्र प्रशांत, सिद्धांत और दिव्यांश का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है। गांव के लोगों और परिजनों ने बताया है कि जिस जगह शव मिला है, वहां पर रात में पशुओं का झुंड आकर बैठ जाता है। पशुओं को बचाने के फेर में या पशु से टकराकर अरुण की बाइक गड्ढे में जा गिरी होगी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टंकी की पाइप लाइन लीक होने से भरा है गड्ढे में पानी
खुटार। जिस गड्ढे में भरे पानी में गिरकर अरुण वर्मा की मौत हुई, वहां टंकी की पाइनलाइन लीक होने से पानी भरा हुआ है। गांव नगरा में बनी पानी की टंकी से गांव सौंफरी को पानी की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली गई है। घटिया पाइप पड़े होने के कारण कई जगह से लीकेज है। खुटार बंडा रोड किनारे भी पाइप लाइन लीक होने से रोड किनारे गड्ढे में पानी भर रहा है। लोगों का कहना है कि गड्ढे में पानी न भरा होता तो अरुण की जान बच सकती थी। संवाद
खुटार के गांव सौंफरी के अरुण वर्मा का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन