तिलहर। धान खरीद केंद्रों पर धांधली का आरोप लगाते हुए किसानों ने शुक्रवार को मंडी परिसर पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व गिरजेश चौधरी और डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार पांडे का घेराव किया। इस दौरान किसानों और अधिकारियों की नोकझोंक हुई। किसानों ने हाईवे जाम करने की चेतावनी दे डाली। मामला तूल पकड़ने पर प्रशासन ने पुलिस बुला ली। बाद में दो घंटे तक चली समझौता वार्ता में बिचौलिए का मानक के विपरीत धान खरीदे जाने पर एडीएम की संस्तुति पर पीसीयू के केंद्र प्रभारी सुनील कुमार सिंह को निलंबित कर दिया तथा केंद्र प्रभारी से रिकवरी के निर्देश दिए।
पिछले चार दिन से किसान संगठनों के नेता मंडी में लगे 16 धान खरीद केंद्रों पर माफिया का धान खरीदने का आरोप लगाते हुए धरने पर हैं। किसान नेता अमनप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि उसके धान से भरी ट्रॉली छह दिन से मंडी गेट पर खड़ी है। जब उसका सैंपल लेकर पीसीयू केंद्र पर पहुंचे तब वहां केंद्र प्रभारी ने धान मानक के विपरीत बताते हुए खरीदने से मना कर दिया। इस दौरान सेंटर पर खरीदे गए धान की अधिकारियों से जांच कराई तो वह भी मानक के विपरीत पाया गया।
गांव बंथरा के किसान नेता सुनील कुमार, मुकेश कुमार, अजीत कुमार सिंह, विनोद यादव ने केंद्र प्रभारियों पर किसानों का धान न खरीदने को लेकर एडीएम और डिप्टी आरएमओ से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। किसान आक्रोशित होते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। एडीएम और डिप्टी आरएमओ ने नाराजगी जताई। सूचना पर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मंडी में पहुंच गए।
मंडी के कक्ष में अधिकारियों और किसान नेताओं की दो घंटे तक चली बैठक में एडीएम गिरजेश चौधरी ने कहा कि शनिवार से मंडी गेट पर किसानों को टोकन दिया जाएगा। सभी सेंटरों पर क्रमानुसार किसान का धान बेचा जाएगा। बंथरा के किसान का धान सैंपल जांच के लिए निकाला गया लेकिन सैंपल में धान मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। अंत में किसान अमनप्रीत सिंह और रामनरेश यादव की शिकायत पर पीसीयू क्रय केंद्र प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने एडीएम की संस्तुति पर पीसीयू जिला प्रबंधक प्रवीण चंद सोनकर ने तत्काल प्रभाव से केंद्र प्रभारी को निलंबित कर दिया।
इस दौरान डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार पांडे ने मंडी सचिव जगदीश प्रसाद वर्मा को निर्देशित किया कि नियमानुसार टोकन व्यवस्था चलाई जाए और किसी भी किसान का उत्पीड़न न किया जाए। नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, मंडी सचिव जगदीश प्रसाद वर्मा, मंडी निरीक्षक पंकज शर्मा, किसान नेता राम नरेश यादव, विनोद यादव, मुकेश कुमार, प्रमोद वर्मा, प्रदीप गंगवार, अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।