खुटार। करंट लगने से मंडनपुर कलां निवासी जसवंत सिंह (60) की मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुत्र गुरपाल सिंह के अनुसार मंगलवार रात उनके पिता बिजली के तार को सही कर रहे थे। इस बीच बिजली आने से पिता को करंट लग गया और वह जमीन पर गिर गए। परिजन जसवंत सिंह को खुटार के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरपाल सिंह ने बताया कि नलकूप वाली लाइन पर शाम के समय कभी बिजली नहीं आती है। मंगलवार को शाम बिजली आकर दो मिनट में ही चली गई, लेकिन इसी दौरान उनके पिता को करंट लग गया।
जसवंत सिंह की मौत से पत्नी कुलविंदर कौर, पुत्र गुरपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, परविंदर सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है। बुधवार को जसवंत सिंह के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि इस तरह के मामले की तहरीर नहीं मिली है। विद्युत निगम पुवायां के एक्सईएन पुनीत जैन ने बताया कि घर में करंट लगने के मामले में मुआवजे का प्रावधान नहीं है। करंट लगने के मामले में विभागीय अधिकारियों को जानकारी भी नहीं दी गई है।
जसवंत सिंह के पुत्र का दिल्ली में चल रहा इलाज
जसवंत सिंह के सबसे छोटे पुत्र परविंदर सिंह 16 जुलाई को घर जाते समय सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए थे। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिता की मौत की सूचना पर दिल्ली में उनके साथ मौजूद परिजन उन्हें लेकर घर पहुंच गए हैं।
0000000000000
करंट लगने से युवक झुलसा
खुटार। घर में करंट लगने से मोहल्ला इंदिरानगर निवासी संजय कुमार झुलस गए।
संजय कुमार का मकान बन रहा है। मंगलवार शाम वह निर्माणाधीन मकान पर पत्नी बबिता देवी के साथ गए थे। मकान के अंदर बिजली का केबल जमीन पर पड़ा हुआ था। संजय कुमार ने केबल को उठाया तो वह करंट की चपेट में आकर छटपटाने लगे। इस पर पत्नी बबिता देवी ने बोर्ड से केबल निकाली दी, जिससे संजय बच गए। बबिता देवी ने पति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। संवाद