मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। बिजली गिरने से शनिवार सुबह किसान की खेत में मौत हो गई। वह शुक्रवार रात फसल की रखवाली करने गए थे। पुलिस ने मौका-मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामगंगा किनारे बसे ग्राम अतरी निजामपुर निवासी अमर सिंह (45) ने खेत में ही झोंपड़ी डाल रखी थी। वहीं रहकर वह रात-दिन फसल की रखवाली करते थे। आमतौर पर वह सुबह नौ बजे तक खाना खाने के लिए घर लौट आ जाते थे। शनिवार सुबह बारिश हो रही थी तो परिजनों को लगा कि इस वजह से वह खेत में रुक गए होंगे। आशंका है कि शनिवार सुबह ही किसी समय उन पर बिजली गिर गई। इधर, बारिश रुकने पर भी जब अमर सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेत आए, जहां उनका शव झोंपड़ी के अंदर झुलसी हालत में मिला। मृतक के छोटे भाई समर सिंह ने बताया कि अमर भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। उनकी मौत से मां रामवती, छोटे भाई समर सिंह व मलिखान सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।