खुटार। क्षेत्र के एक गांव में बच्ची से दुष्कर्म मामले में बच्ची के पिता ने कुछ लोगों पर छवि खराब करने और आरोपी के पक्ष में माहौल बनाने का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार इसी कारण वे लोग गांव छोड़कर रिश्तेदारी में चले गए हैं।
गुड्डू शर्मा पर नौ जून की दोपहर एक घर में घुसकर एक साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा था। घटना की ही रात 11 बजे पुलिस ने खुटार-मैलानी मार्ग पर गांव प्रसादपुर मोड़ के पास मुठभेड़ में गुड्डू के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था। 11 जून को प्रधान सहित 300 से अधिक लोगों ने फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी का घेराव किया तो पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा था।
बच्ची के पिता और मां 18 जून को थाने में भारतीय किसान मजदूर कल्याण संघ के कार्यकर्ताओं से मिले और बताया कि गांव के तमाम लोग उनके विरोध में बयानबाजी कर रहे हैं, इस कारण वह पत्नी और बच्चों सहित मजबूरन घर छोड़कर रिश्तेदारी में रह रहे हैं। बच्ची के पिता ने जान को खतरा भी बताया है।
-
भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना 22 को
पुवायां। खुटार में बच्ची से दुष्कर्म के मामले में कथित फर्जी मुठभेड़ के दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और गांव के लोगों को लाठी से पीटने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ता सीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने बताया कि ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर यह निर्णय लिया गया है। संवाद
-
मामले में जानकारी नहीं है। बच्ची के परिजनों की मर्जी है, वह चाहे जहां रहें।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां