निजामपुर गौटिया रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन से गिरा यात्री
सदर बाजार थाना क्षेत्र में निजामपुर गौटिया के पास शुक्रवार रात ट्रेन से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। जबकि रेलवे स्टेशन के पास एक यात्री ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव दयुरा निवासी नरेश कुमार शुक्रवार शाम गांव के 20-25 लोगों के साथ मजदूरी करने पंजाब जा रहे थे। शाहजहांपुर स्टेशन से सभी लोग पंजाब जाने वाली ट्रेन में सवार हुए। यहां स्टेशन से छूटने के बाद ट्रेन निजामपुर गौटिया रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची होगी। तभी अचानक झटका लगने पर गेट पर खड़ा नरेश ट्रेन से नीचे जा गिरा। उसे नीचे गिरता देख साथियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक ली। उन्होंने देखा तो ट्रेन के नीचे आने से नरेश की मौत हो चुकी थी। इस हादसे की सूचना पर पहुंची सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी सूचना पर मृतक के घर में कोहराम मच गया। नरेश की पत्नी रामवती की दो साल पहले हार्टअटैक से मौत हो गई थी।
मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र की सम्राट नगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय विश्वास पुत्र रमेश शनिवार सुबह ट्रेन में अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में शाहजहांपुर स्टेशन के पास वह ट्रेन से नीचे गिर जाने से घायल हो गए। पता लगने पर पहुंची जीआरपी ने घायल को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। जहां हालत गंभीर देखकर उन्हें रेफर कर दिया गया।