शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र के गुटैया स्थित इफको की दुकान को नकली खाद रोजा के लोधीपुर स्थित अतुल खाद भंडार से होती थी। सोमवार को तहसीलदार के नेतृत्व में कृषि विभाग ने अतुल खाद भंडार पर छापा मारा। इस दौरान वहां विभिन्न कंपनियों की यूरिया, सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी), जिंक, माइक्रोन्यूट्रिएंट (सूक्ष्म पोषक तत्व) के अतिरिक्त इफको के नाम से नकली डीएपी की 46 बोरियां बरामद हुईं। टीम ने अवैध नर्मदा फास, एसएसपी और माइक्रो न्यूट्रिएंट के नमूने लेने के बाद दुकान को सील कर दिया गया है। चूंकि दुकानदार अतुल कुमार के खिलाफ खुटार थाने में रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी, जिससे पूरी रिपोर्ट बनाकर खुटार पुलिस को भेजी गई है।
रविवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक एके पालीवाल के साथ गुटैया स्थित इफको केंद्र पर छापा मारकर वहां से नकली डीएपी खाद और कई खाली बोरियां पकड़ी थीं। दुकान मालिक राजेश शर्मा, खाद बिक्री करने वाले सोनू गुप्ता से पूछताछ मेें पता चला कि नकली खाद शाहजहांपुर से अतुल कुमार सप्लाई करता था। इसी जानकारी के आधार पर कृषि अधिकारी ने रविवार देर रात जिला मुख्यालय पर लौटकर अतुल कुमार से संपर्क कर उसके लोधीपुर स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण करना चाहा, लेकिन वह नहीं आया। सोमवार सुबह कृषि अधिकारी ने पूरे प्रकरण से डीएम इंद्र विक्रम सिंह को अवगत कराया।
डीएम के निर्देश पर कृषि अधिकारी ने थाना सदर बाजार से पुलिस बल बुलाया और मजिस्ट्रेट के तौर पर तहसीलदार सदर पुष्पेंद्र कुमार के साथ लोधीपुर स्थित अतुल खाद भंडार पर छापा मारा। उन्होंने खाद विक्रेता के कर्मचारियों की मौजूदगी में प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया तो वहां अवैध नर्मदा फास, कई कंपनियों की यूरिया, सूक्ष्म पोषक तत्व की तमाम बाल्टियां, इफको डीएपी की नकली बोरियां आदि, गेहूं बीज की खुली बोरियां आदि तमाम सामान रखा पाया। दुकान में मिले सारे सामान की कृषि अधिकारी ने सूची बनाने के साथ वहां से नर्मदा फास के दो नमूने, एसएसपी का एक नमूना और एक अन्य नमूना माइक्रो न्यूट्रिएंट जिंक को सील कराया। बाद में दुकान को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक एके पालीवाल, राजस्व निरीक्षक सरमोद मिश्रा, रजनीश सक्सेना आदि मौजूद रहे।
खाद की दुकान में रखा मिला यह सामान
दुकान मेें अवैध नर्मदा फास की 113 बोरियां, चांद छाप यूरिया की 135 बोरियां, उत्तम ब्रांड यूरिया की पांच बोरियां, आईपीएल ब्रांड डीएपी की एक बोरी, इफको डीएपी की 46 नकली खाली बोरियां, अवैध नर्मदा फास की 18 खाली बोरियां, श्रीराम व्हीट सीड (गेहूं बीज) की खुली बोरी, धनवर्षा ब्रांड जाइम (कृषि उत्पादन बढ़ाने वाला पोषक तत्व) की दस भरी हुई बाल्टियां, जमी हुई खाद को तोड़ने के काम आने वाला हथौड़ा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, बाइक, खाद की ढुलाई करने वाले पिकअप वाहन का टायर आदि सामान रखा पाया गया।
व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता से लपेटे में लिपिक
पूरे प्रकरण की आरंभिक जांच से यह भी पता चला है कि नकली खाद और बीज के धंधेबाजों की व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता मेें कृषि कार्यालय के एक लिपिक का नाम जानबूझकर उछाला गया है। बताते हैं कि दो वर्ष पहले एक कृषि रक्षा रसायन और बीज निर्माता के गोदाम पर छापामारी में नकली पेस्टीसाइड (कीटनाशक) और बीज बरामदगी हुई थी। इस मामले मेें शहर के एक व्यापारी नेता ने गोदाम मालिक की पैरवी करनी चाही, लेकिन लिपिक ने उसका विरोध किया। संबंधित लिपिक के अनुसार इसी खुन्नस मेें उसका नाम उछाल दिया गया, जबकि उसका गुटैया स्थित इफको की दुकान से कोई सरोकार नहीं है।
दुकान पर रात मेें बैठा दिया गया पहरा
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अतुल खाद भंडार से नकली खाद की आपूर्ति होने की जानकारी मिलने पर देर रात दुकान का निरीक्षण करना चाहा, लेकिन खाद विक्रेता अतुल कुमार न तो स्वयं आया और न ही सहयोग किया। इस पर रात में ही थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक से संपर्क कर वहां पुलिस का पहरा बिठा दिया गया, जिससे कि वहां से किसी सामान की निकासी नहीं हो सके। यही वजह रही कि सोमवार को निरीक्षण करने पर वहां कई खादों का संदिग्ध स्टाक रखा मिल गया। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट खुटार पुलिस को भेजकर उसे बीते दिन दर्ज कराई गई रिपोर्ट में शामिल करा दिया गया है।