शाहजहांपुर। बंडा के गांव आलमपुर पिपरिया में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास कृषि विभाग की टीम ने छापा मारा। गोदाम का ताला तोड़कर टीम अंदर गई। यहां पर नकली खाद व पेस्टीसाइड पैकिंग करने के लिए खाली बोरी, खाली रैपर एवं खाली बोतलें मिलीं हैं। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
कृषि उपनिदेशक पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे हुई कार्रवाई में उर्वरक निरीक्षकों ने पांच नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे हैं। कैंपस व गोदाम पुलिस अभिरक्षा में सगीर अहमद नायब तहसीलदार की उपस्थिति में सील किया गया। अवैध रूप से किए जा रहे उर्वरकों का विनिर्माण एवं किसानों के साथ की जा रही धोखाधड़ी में राजकपूर के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाना बंडा में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विकास शर्मा, अपर जिला कृषि अधिकारी राहुल कुमार, लेखाकार शरद वीर और बंडा थाना की पुलिस मौजूद रहीं। उपकृषि निदेशक पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि जानकारी में आया है कि राजकपूर नाम के व्यक्ति का गोदाम है। संपर्क करने पर जब वह नहीं आया तो गोदाम का ताला तोड़ा गया। बंडा थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।