चिनौर उपकेंद्र पर लाइन को सही करते कर्मचारी। स्रोत: निगम
शाहजहांपुर। चिनौर विद्युत उपकेंद्र पर 33 केवीए लाइन पर बंदर के कूदने से तेज धमाका हुआ। इसके साथ ही केबल बॉक्स में आग लग गई और केबल भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े आसपास के क्षेत्रों और कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब आठ बजे तक बिजली नहीं आ सकी थी।
मंगलवार शाम उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन पर बंदर कूद गया। इससे लाइन में तेज धमाका हुआ और केबल बॉक्स में आग लग गई। कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हादसे में केबल भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों समेत कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
शाम के समय बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी हुई। घरों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही। दूसरी ओर जेई संजीव शर्मा ने कर्मचारियों को लगाकर मरम्मत का काम शुरू कराया। केबल बॉक्स को दुरुस्त कराने के साथ क्षतिग्रस्त केबल बदलने का काम शुरू किया गया। शाम पांच बजे गई बिजली साढ़े सात बजे तक बहाल नहीं हो सकी थी।
अधीक्षण अभियंता एके मिश्रा ने बताया कि केबल बॉक्स को जेसीबी से बाहर निकालकर सही कराया जा रहा है। आपूर्ति को बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।