रोजा में लखनऊ दिल्ली हाईवे पर बरेली मोड व हरदोई बाईपास के बीच स्थित गर्रा नदी का पुल। संवाद
रोजा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेली मोड़ और हरदोई बाइपास के बीच बने गर्रा नदी के नए पुल की मजबूती परखने के लिए दिल्ली आईआईटी के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम रविवार को यहां पहुंची। पुल के साइट इंजीनियर सुरजीत वर्मा के अनुसार, विशेषज्ञ टीम के अनुमोदन पर पुल को मंगलवार से यातायात के लिए खोला जा सकता है।
दिल्ली से आए विशेषज्ञों ने सबसे पहले पुल के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए दस ताइवानी सेंसरों की जांच की। बाद में पुल पर भ्रमण कर दोनों लेन देखीं। पुल की मजबूती परखने के लिए विशेषज्ञों ने करीब 400 टन गिट्टी-पत्थर से भरे दस ट्रक पुल पर दौड़ाए। पुल पर ट्रक दौड़ाने की प्रक्रिया कई बार दोहराई गई। बाद सभी ट्रकों में भरे पत्थर हाईवे के किनारे खाली करा दिए गए।
इससे पहले, पुल की मजबूती जांचने के लिए एक दर्जन से अधिक ट्रकों में 480 टन वजन भरकर उन्हें एक सप्ताह तक पुल पर रोके रखा गया था। रविवार को हुई जांच में भी पुल में कोई कमी नहीं पाई गई। साइट इंजीनियर के अनुसार, आईआईटी की टीम ने पुल का परीक्षण सफलता पूर्वक किया है। इसलिए मंगलवार तक पुल से यातायात शुरू करने का अनुमोदन मिलने के आसार हैं।
रोजा में लखनऊ दिल्ली हाईवे पर बरेली मोड व हरदोई बाईपास के बीच स्थित गर्रा नदी का पुल। संवाद