पुवायां। खुटार पुवायां मार्ग स्थित भैंसी नदी के पुल की बार-बार हो रही मरम्मत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक शकुंतला देवी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ताराचंद्र को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
बतातें चलें कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में भैंसी नदी के पुल की 34 लाख रुपये की लागत से मरम्मत कराई गई थी। इसके बाद भी पुल की स्थित ठीक नहीं है। हालत यह है कि मरम्मत के बाद पुल के ऊपर तीन बार रोड बनवाई जा चुकी है, लेकिन रोड बनने के तीन दिन बाद ही उखड़ जाती है। विधायक ने पुल की मरम्मत सही नहीं होने का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया कि पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता ताराचंद्र का कार्य अत्यंत निंदनीय है। पुवायां क्षेत्र में भैंसी पुल की मरम्मत का कार्य इनके निर्देशन में कराया गया था, जो दो तीन बार उखड़ चुका है। इस तरह पुवायां विधानसभा क्षेत्र में मरम्मत कराई गई सड़कें भी कुछ ही दिन में उखड़ गई हैं। पत्र में अधिशासी अभियंता पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है। उधर ताराचंद्र ने आरोपों को निराधार बताया है।
ब्राह्मण समाज को मजबूत करने पर बल
बंडा। सनातन ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृपाशंकर मिश्र ने बंडा में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील की। कृपाशंकर मिश्र ने कहा कि वह प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर संगठन का सर्वेक्षण कर रहे हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि विगत लोकसभा चुनाव में उनके निर्देश पर संगठन ने भाजपा का समर्थन किया था, लेकिन जनपद शाहजहांपुर के कार्यकर्ताओं की किसी भी समस्या के निस्तारण में भाजपा सांसद और राज्यमंत्री कृष्णाराज ने उनका कोई सहयोग नहीं किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन एकजुटता बनाकर किसी अन्य पार्टी को विकल्प चुनेगा। इससे पूर्व कृपाशंकर का सामज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष हरिओम शुक्ला, जितेंद्र अवस्थी, डॉ. सत्यमोहन पांडे, गुड्डू बाजपेयी, शिवओम शुक्ला, मोनू मिश्रा, भोले मिश्रा, सत्यदेव शुक्ला, हरनाम मिश्रा, बादशाह शुक्ला, अनुज मिश्रा आदि मौजूद रहे।