शाहजहांपुर। जिले में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए चलाए जा रहे नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत करीब 7200 लोगों को नवसाक्षर बनाया गया है। अब इनकी साक्षरता परीक्षा 20 सितंबर को जिले के सभी विकासखंडों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला साक्षरता प्रभारी इंद्रजीत सक्सेना ने बताया कि इस सत्र में करीब 7200 निरक्षरों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान का प्रशिक्षण दिया गया है। इन सभी को परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संबंधित शिक्षकों और वालंटियर से अधिकाधिक नवसाक्षरों की सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की। परीक्षा में सफल होने वाले लोगों को साक्षरता का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
जिला स्तरीय प्रशिक्षक इमरान सईद खां ने बताया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम केंद्र सरकार की प्रमुख योजना है, जो वर्ष 2022 से 2027 तक संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के निरक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के साथ ही बुनियादी संख्यात्मक ज्ञान प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।