शाहजहांपुर में बहादुरगंज बाजार में बजट देखते व्यापारी। संवाद
शाहजहांपुर। आम बजट को लेकर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रिया रहीं। किसानों और आयकर के दायरे में आने वाले लोगों को जरूर राहत मिली, लेकिन निम्न वर्ग के लोग नाखुश दिखे।
सुबह से लोगों में बजट को लेकर उत्सुकता थी। खासतौर पर वेतनभोगी वर्ग टैक्स स्लैब को लेकर उत्सुक थे। व्यापारियों और उद्यमी वर्ग में भी उत्साह देखा गया। दोपहर तक बजट से जुड़ीं बातें स्पष्ट हुईं तो लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। किसानों को क्रेडिट कार्ड में कर्ज लिमिट बढ़ाने के फैसले पर लोगों का कहना था कि यह किसानों को थोड़ा मदद जरूर पहुंचाएगा, लेकिन उससे समस्याओं का हल नहीं निकलेगा। किसानों के सामने ऐसी स्थिति ही नहीं आनी चाहिए जिससे वे कर्ज लेने को मजबूर हों। केसीसी की ऋण लिमिट तीन से पांच लाख होने पर जिले के करीब साढ़े तीन लाख किसानों को लाभ पहुंचेगा।
आयकर में 12 लाख तक छूट मिलने पर जरूर लोगों ने खुशी जताई। आयकर की इस सीमा में सरकारी कर्मचारियों को मिलाकर जिले में करीब 40 हजार लोग आते हैं। उनके परिजनों में भी खुशी देखी गई। इस आय सीमा के परिवारों को लगभग हर साल 75 हजार रुपये का अतिरिक्त फायदा होगा। इसका उपयोग वे अन्य कार्यों में कर सकेंगे।
हालांकि निम्न वर्ग के लिए कोई खास घोषणा बजट में नहीं नजर आई। सबसे ज्यादा चर्चा किसान क्रेडिट कार्ड और आयकर में छूट को लेकर ही होती रही। व्यापारियों और उद्यमियों में बजट को लेकर कोई खास उत्साह नहीं नजर आया है। उनका कहना था कि जीएसटी में सुधार को लेकर सरकार ने कोई रुख स्पष्ट नहीं किया है।