ककरा के नए पुल पास दो युवकों को पीटते कई लोग। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। सदर बाजार क्षेत्र में जिलाबदर कहने से नाराज आरोपियों ने मंगलवार दोपहर दो युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पक्का तालाब निवासी महक ने बताया कि उनके पति रोहित उर्फ तौहीद मंसूरी और साथी सिकंदर निवासी बारादरी, पक्का तालाब से गुजर रहे थे। बीबीजई हद्दफ के पास उनकी नन्हें उर्फ खालिद खान से मुलाकात हुई। आरोप है कि बातचीत में सिकंदर ने नन्हे से मजाक में कहा कि वह तो जिला बदर है, यहां कैसे घूम रहा है। इस पर वह रंजिश मानने लगा।
आरोप है कि मंगलवार को रोहित और सिकंदर ककरा नए पुल से घर लौट रहे थे। तभी नन्हे उर्फ खालिद खान, कुनाल, जुनैद, रॉकी और दो-तीन अन्य लोगों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। दोनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। घटना का वीडियो भी वायरल है, जिसकी संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।