शाहजहांपुर में धरना पर बैठे राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के पदाधिकारी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। एसडीओ सदर पद पर तैनात अनिल रावत के साथ हुई मारपीट के मामले मेें दो दिन तक धरना देने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर विद्युत निगम के अभियंताओं ने बृहस्पतिवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के आह्वान पर निगम के सभी अभियंता सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक नियमित कार्यों से विरत रहे और धरना देकर सभा की।
भाजपा के गुरगवां मंडल उपाध्यक्ष विमल गुप्ता के खिलाफ एसडीओ से मारपीट की रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज है। बृहस्पतिवार को संघ के पदाधिकारियों ने दावा किया कि बरेली जोन के अंतर्गत सभी जिलों (पीलीभीत, बदायूं व बरेली) में काली पट्टी बांधकर अभियंताओं ने गिरफ़्तारी नहीं होने के कारण अपना विरोध दर्ज कराया।
आज ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) का अंतिम दिन होने के कारण कार्यालयों एवं बिलिंग काउंटर में लोगों की भीड़ अधिक रही। अभियंताओं का कार्य बहिष्कार होने के कारण उपभोक्ताओं की बिलिंग संबंधी और अन्य शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका। इस कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
संघ के शाखा सचिव विनोद राणा के अनुसार योजना के अंतिम दिन बिल में संशोधन नहीं होने के कारण लोगों को ओटीएस के लाभ से वंचित रहना पड़ा। सभा में तय हुआ कि आरोपी की गिरफ़्तारी नहीं होने तक सभी अभियंता पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। इस मौके पर उपखंड अधिकारी अनिल रावत, पुष्पेंद्र कुमार, आशीष राहुल, अभिषेक राय, सौरभ शाक्य, अवनीश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।