शाहजहांपुर। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-16 क्रिकेट लीग में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में शाहजहांपुर इंजीनियरिंग वर्क्स ने क्राउन क्रिकेट अकादमी को 80 रन से हरा दिया। दूसरे मुकाबले में प्रयास क्रिकेट अकादमी ने एलिट अकादमी को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी।
कृभको फर्टिलाइजर मैदान पर पहले मैच में शाहजहांपुर इंजीनियरिंग वर्क्स ने 30 ओवरों में सभी विकेट खोकर 178 रन बनाए। रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रनों की पारी खेली। अंशुल ने 33, यश यादव ने 16 रन बनाए। क्राउन अकादमी के गेंदबाज गौतम चंद्र ने पांच विकेट लिए। जवाब में क्राउन की टीम 30 ओवरों में 98 रन बना पाई। इंजीनियरिंग वर्क्स के कप्तान यश यादव ने तीन, सौरव और नवनीत ने दो-दो विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच यश यादव रहे।
दूसरे मैच में प्रयास क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवरों में नौ विकेट खोकर 146 रन बनाए। युवराज ने 59 रन बनाए। एलिट क्रिकेट अकादमी की ओर से आरव श्रीवास्तव ने पांच विकेट लिए। जवाब में एलिट अकादमी सभी विकेट खोकर 145 रन बना पाई। दिव्यांश ने 59 रन बनाए। प्रयास अकादमी के गेंदबाज दक्ष शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए। मैच के अंपायर पंकज तिवारी और आकाश गुप्ता रहे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य आनंद पाठक, अमित चौधरी, वत्सल, फिरोज खान, रजत शर्मा, प्रतेश दीक्षित, आहद का सहयोग रहा। कोऑर्डिनेटर डॉ.मनोज यादव ने बताया कि 16 अप्रैल को बॉक्स क्रिकेट अकादमी और आयुष क्रिकेट अकादमी के बाद मैच खेला जाएगा।
कुर्रियाकलां ने लखनौर को हराया, पुष्पक सिंह चमके
कुर्रियाकलां। गांव में चल रहे जय महाकाल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में कुर्रियाकलां की टीम ने लखनौर को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया। पुष्पक सिंह को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर कुर्रियाकलां ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लखनौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 137 रन का स्कोर खड़ा किया। लखनौर की ओर से उदित ने नाबाद 86 और राजन ने 37 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कुर्रियाकलां ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर 138 रन बनाकर मैच जीत लिया। मोहन मिश्रा ने 39 रन का योगदान दिया। पुष्पक सिंह ने 52 रन की शानदार पारी खेली और एक विकेट भी लिया। संवाद
बंडा ने 20 रन से जीता खिताब
शाहजहांपुर। टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) का समापन मंगलवार को हुआ। इसमें बंडा टीम ने भावलखेड़ा को 20 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबला जीएफ कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। टॉस जीतकर भावलखेड़ा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बंडा टीम ने 16 ओवर में 137 रन बनाए, जिसमें लोकेंद्र कुमार ने 83 रन का योगदान दिया। जवाब में भावलखेड़ा टीम 117 रन ही बना सकी। पुनीत मिश्रा ने सर्वाधिक 49 रन बनाए।
लोकेंद्र कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सौरभ चंदेल को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। यह लीग एक फरवरी से मंगलवार तक चली, जिसमें 29 मैच खेले गए और 120 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। संवाद