गर्मी और उमस के मौसम में बिजली की बेहिसाब कटौती के विरोध में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने गर्रा फाटक के पास अब्दुल्लागंज रोड पर प्रदर्शन करके पॉवर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद का पुतला फूंका। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती पर रोक लगाने के साथ क्षेत्र के जर्जर और ढीले हो चुके बिजली तार बदले नहीं जाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
दिन में रोजाना नौ घंटे की बिजली कटौती के बावजूद देर रात दो से तीन घंटे की आपात कटौती के विरोध में कई व्यापारी और राजनीतिक संगठन पहले भी प्रदर्शन करके सर्किल ऑफिस में अफसरों का घेराव कर चुके हैं। इसके बावजूद कटौती में कोई रियायत नहीं मिलने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता बाबूजई के कैंप कार्यालय पर जमा हुए। वहां उन्होंने अधीक्षण अभियंता का पुतला तैयार किया।
पुतला लेकर कार्यकर्ता संगठन के पूर्व शहर अध्यक्ष तसलीम लगारी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए चारखंभा होकर गर्रा फाटक की ओर बढ़ चले। अब्दुल्लागंज सब स्टेशन के पास कार्यकर्ताओं ने रोड पर प्रदर्शन करना शुरू हुआ तो वहां जाम लगने लगा। इससे जन सामान्य को असुविधा होते देख कार्यकर्ताओं ने एसई के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय वार्ड इकाई के अध्यक्ष हरीश कश्यप ने अब्दुल्लागंज में लटक रहे बिजली के पुराने और ढीले तार ठीक कराए जाने की मांग की। प्रदर्शन और पुतला दहन में आरिफ हुसैन, नरेंद्र कुमार, फूल मियां, गज्जू शाह, विक्की वर्मा, शाहिद अंसारी, मो. आबिद, करीम अहमद, गणेश प्रसाद, शकील अहमद, शरीफ खां आदि शामिल रहे।