शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को जल्द ही एंडोस्कोपी की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। करीब 18 लाख कीमत की मशीन लगाई जाएगी। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। जांच के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस सेवा के शुरू होने से गले, पेट, लिवर और गॉलब्लैडर से संबंधित बीमारियों का सटीक और आसानी से पता लगाने में मदद मिलेगी।
राजकीय मेडिकज कॉलेज में एंडोस्कोपी की सुविधा न होने के कारण डॉक्टर अपने अनुभव व प्रारंभिक जांच के बाद जरूरी दवाइयां लिखते थे। अब इस मशीन के होने पर मरीजों के पेट की आंतरिक जांच होगी। इससे यह पता चल जाएगा कि वास्तव में मरीज को क्या समस्या है।
जांच के अनुसार मरीजों का उपचार किया जाएगा। जिले में गंभीर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इंडोस्कोपी जैसी सुविधा का स्थानीय स्तर पर उपलब्ध न होने से लोगों को महंगी दर पर निजी अस्पतालों में जांच करानी पड़ती थी।
इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को अब पेट के रोगों की जांच के लिए बाहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे समय के साथ रुपयों की भी बचत होगी। माना जा रहा है कि करीब दो माह में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इसकी कवायद तेजी से चल रही है। इसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है। वहीं, आधुनिक ओटी भी बनकर तैयार हो गई है। इसमें एक साथ तीन ऑपरेशन किए जा सकेंगे।
रोजाना 1500 से अधिक होती है ओपीडी
राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 1500 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। इनमें खांसी-जुकाम, बुखार, डायरिया, पेट आदि बीमारियों के मरीज शामिल हैं। बच्चे और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। इनमें कई ऐसे मरीज होते हैं, जो पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित होते हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में जल्द ही एंडोस्कोपी की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है। मशीन की कीमत करीब 18 लाख रुपया है। इसके माध्यम से शरीर के अंदरूनी हिस्सों विशेषकर भोजन नली, पेट, आंत की विस्तृत जांच की जाती है।
- डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज