मंडी चौक में अतिक्रमण हटवाते नगर निगम प्रवर्तन दल के कर्मचारी। स्रोत: नगर निगम
शाहजहांपुर। चौक मंडी में सुंदरीकरण और यातायात की सुगमता के लिए यू-टर्न काॅरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार शाम को अतिक्रमण हटाने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया था, लेकिन रविवार को किसी ने विरोध नहीं किया। कुछ लोगों ने अपने-आप अतिक्रमण हटा लिया। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
नगर निगम की ओर से करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से बनवाए जाने वाले यू-टर्न काॅरिडोर के तहत मिशन स्कूल रोड से गांधी पार्क, दुर्गा मंदिर होते हुए आधे किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है। यहां पर सड़क का चौड़ीकरण, फैंसी लाइट, बैठने के लिए बेंच लगवाई जाएंगी। इसके साथ ही अन्य सुंदरीकरण कार्य किए जाएंगे।
इस क्षेत्र में दुकानदारों ने काफी अतिक्रमण रखा था। भीड़ की वजह से लोगों का यहां पैदल निकलना भी मुश्किल था। कॉरिडोर का प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद नगर निगम की टीम ने लाल निशान लगवाए थे और अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया था। शनिवार से अतिक्रमण हटाने का कार्य नगर निगम प्रवर्तन दल ने शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन उनको शांत करा दिया गया। रविवार को अतिक्रमण हटाने का काम फिर चला। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने बताया कि अतिक्रमण हटने के साथ निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
लाल इमली चौराहा से टिकली तक हटवाया गया अतिक्रमण
नगर निगम प्रवर्तन दल ने रविवार को लाल इमली चौराहा से तारीन टिकली तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखा समान हटवाया गया। इसके साथ ही दुकानों के बाहर बनी नाली की सफाई कराई गई। टीम की ओर से हिदायत दी गई कि दुकानों के बाहर सामान नहीं लगाया जाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।