पुवायां में बस स्टैंड के सामने खोखे हटाने को कहते एसडीएम, ईओ। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
पुवायां। नगर में बस स्टैंड के सामने अतिक्रमण करने वालों को कब्जा हटाने के लिए मंगलवार सुबह तक का समय दिया गया है।
नगर में खुटार रोड पर बस स्टैंड है। पुराना भवन तोड़ने के बाद नया भवन निर्माणाधीन है। बस स्टैंड के सामने सड़क किनारे कई लोगों ने खोखे डालकर अतिक्रमण कर रखा है। पालिका प्रशासन की ओर से कई बार खोखे हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन दुकानदारों ने जगह खाली नहीं की। बस स्टैंड के निर्माण का कार्य शुरू होने पर सभी दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी एक भी खोखा नहीं हटाया गया।
सोमवार को एसडीएम सदानंद सरोज, ईओ कल्पना शर्मा और रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनाउंस कराकर मंगलवार सुबह सात बजे तक दुकानें हटाने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि अगर अवैध कब्जा खुद नहीं हटाया गया, तो प्रशासन जेसीबी से दुकानें हटवा देगा। एसडीएम ने कहा कि बस स्टैंड के सामने की जगह खाली करने के लिए कहा गया है। दुकानदार खुद ही खोखे आदि नहीं हटाते हैं तो पुलिस बल के साथ जगह खाली करा ली जाएगी।