ग्रीष्मावकाश के बाद एक जुलाई को विद्यालय खुलने पर छात्र-छात्राओं की खासी भीड़ विद्यालयों में नजर आई। बच्चों के आने से विद्यालयों की रौनक फिर से लौट आई। जिले के तमाम स्कूलों में पहले दिन नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया। नगर क्षेत्र के रोटी गोदाम स्कूल परिसर के छात्र-छात्राओं को बीएसए राकेश कुमार ने पुस्तकों का वितरण किया। देहात क्षेत्र में स्थित तमाम विद्यालय बंद रहे। इससे विद्यालय खुलने और बंद होने का मिला जुला असर नजर आया।
बुधवार को नगर क्षेत्र के रोटी गोदाम स्कूल में पहले ही दिन स्कूल खुलने पर तमाम बच्चे विद्यालय पहुंच गए। शहर के अन्य स्कूलों में छात्र संख्या कम जरूर रही, लेकिन अधिकांश स्कूल खोले गए। साथ ही आधे से ज्यादा विद्यालयों में नगर संसाधन केंद्र से पुस्तकें भेज भी दी गईं। नवागत बीएसए राकेश कुमार ने रोटी गोदाम स्कूल में पहुंचकर बच्चों को पुस्तकें वितरण कीं तो उनके चेहरे खुशी से खिले-खिले नजर आए। विभाग के मुखिया से पुस्तकें पाकर बच्चों के साथ ही गुरुजनों का उत्साह भी बढ़ा नजर आया।
इस मौके पर बीएसए ने शिक्षकों से विद्यालयों में बेहतर शिक्षा देने की बात कही और उन लोगों की समस्याओं को निस्तारित करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान नगर शिक्षा अधिकारी मुन्नालाल त्रिवेदी, एबीआरसी इमरान सईद खां, संजय डोनाल्ड, सुबोध वर्मा, महबूब हसन, पूजा सिंह, अनुपमा वाजपेयी, रेखा, अनीता, हिमांशु दीक्षित, लतीफ अहमद, सुशील रस्तोगी, शोभित श्रीवास्तव, शगुफ्ता कौसर, रचना जौहरी आदि शिक्षक मौजूद रहीं।
हवन पूजन के साथ शैक्षिक सत्र शुरू
पुवायां। बुधवार को नगर के स्वामी विवेकानंद डिग्री कॉलेज के नवीन शैक्षिक सत्र का हवन पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कालेज समिति के अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रबंधक शंभूदयाल शर्मा, प्राचार्य डॉ. केके सिंह, डॉ. मोहित निगम, डॉ. संध्या पाठक, डॉ. श्रवण सिंह, डॉ. रजनीश शुक्ला, डॉ. कासिफ नईम, डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. जावेद, अवधेश शुक्ला, शालिनी गुप्ता सहित तमाम स्टाफ मौजूद रहा। पूजन पं. वासुदेव शास्त्री ने संपन्न कराया।