शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच मीटरगेज लाइन को ब्राडगेज में परिवर्तित करने का काम अप्रैल से शुरू हो जाएगा। ब्राडगेज के साथ इस लाइन पर विद्युतीकरण का काम भी होगा। हालिया बजट में सरकार ने इसके लिए धनराशि भी मंजूर कर दी है। रेल विद्युतीकरण का काम शाहजहांपुर-पीलीभीत और पीलीभीत-टनकपुर के बीच कराया जाएगा। शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच अमान परिवर्तन को मंजूरी और बजट पहले ही मिल चुके हैं। अमान परिवर्तन शुरू होने से पहले रेलवे स्टेशन के विस्तारण और सुंदरीकरण का काम शुरू हो गया है। माल गोदाम की निष्प्रयोज्य जमीन का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर रेल मंडल की सभी मीटरगेज लाइनों को ब्राडगेज में परिवर्तित किया जा चुका है। सिर्फ पीलीभीत-शाहजहांपुर के बीच ब्रिटिश काल की मीटरगेज लाइन पर ट्रेन चल रही है। अब पीलीभीत-शाहजहांपुर के बीच ब्राडगेज का काम होगा। इस 84 किमी लंबे मीटरगेज रेल ट्रैक को अप्रैल से ब्राडगेज में परिवर्तित किया जाएगा। इस पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अधिकारियों का कहना है कि अब अप्रैल में पीलीभीत-शाहजहांपुर लाइन पर ब्राडगेज का काम शुरू हो जाएगा। अमान परिवर्तन का काम पीलीभीत से शुरू होगा। इधर, हालिया बजट में केंद्र सरकार ने शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच रेल ट्रैक के विद्युतीकरण को भी मंजूरी दे दी है। शाहजहांपुर से पीलीभीत और पीलीभीत से टनकपुर के बीच 145.46 किलोमीटर रेल लाइन के विद्युतीकरण पर 143.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अप्रैल से दोनों काम साथ में चालू हो जाएंगे।
मर्ज होंगे उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशन
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अधीन आता है, जबकि शाहजहांपुर की मीटरगेज लाइन का स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के तहत आता है। ऐसे शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच ब्राडगेज लाइन होने के बाद यहां उत्तर और पूर्वोत्तर स्टेशनों का मर्ज किया जाएगा। इसके लिए भी तेजी से काम चल रहा है। छोटी लाइन के स्टेशन को बड़ी लाइन के स्टेशन में मिलाकर स्टेशन को और बड़ा किया जाएगा। इसके साथ स्टेशन का सुंदरीकरण भी किया जाएगा।
पीलीभील-शाहजहांपुर के बीच अमान परिवर्तन प्रस्तावित है। रेलवे ने सभी मीटरगेज लाइनों को खत्म कर ब्राडगेज में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। पीलीभीत-शाहजहांपुर के बीच रेल लाइन के विद्युतीकरण को भी मंजूरी मिल गई है। अमान परिवर्तन और रेल लाइन के विद्युतीकरण का काम अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद है। मीटरगेज रेल लाइन पूर्वोत्तर रेलवे के अधीन आती है। उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों के मर्च करने पर भी कार्रवाई चल रही है।
- ओम शिव अवस्थी, स्टेशन अधीक्षक
उत्तर रेलवे के प्रवर मंडल अभियंता ने किया सुंदरीकरण का निरीक्षण
शाहजहांपुर। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के प्रवर मंडल अभियंता अनुराग कुमार ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन और माल गोदाम में चल रहे सुंदरीकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने काम में लगे अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। स्टेशन पर लंबे समय से निष्प्रयोज्य पड़ी मालगोदाम की जमीन पर रेलवे सुंदरीकरण करा रहा है। स्टेशन के पीछे की ओर एक नया गेट भी लगाया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशन पर भी सुंदरीकरण का काम चल रहा है। बेटिंग रूम समेत प्लेटफार्म का सुंदरीकरण किया जा रहा है। प्रवर मंडल अभियंता ने निरीक्षण के बाद संतोष जताया।