शाहजहांपुर। बिजली निगम ने बकायेदारों और मीटर से पहले कट लगाकर चोरी करने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नवंबर में अभियान चलाकर इस महीने 26 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बकाया जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन भी काटे गए हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने राजस्व वसूली का लक्ष्य पूर्ण नहीं करने वाले अवर अभियंता व एसडीओ को कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद से बकायेदारों को चिह्नित करते हुए टीमें उनसे तकादा कर रही हैं। चेकिंग अभियान में बिजली चोरी के मामले भी पकड़ में आ रहे हैं।
बुधवार को अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के जेई राजेश सैनी ने अपनी टीम के टीजी-टू राहुल, तौहीद हसन, विनोद कुमार, रामदास वर्मा आदि के साथ अभियान चलाया। उन्हें मोहल्ला बाला तिराही में शहाना, शमीम सिद्दीकी, सलीम सिद्दीकी व शकील के घर में अतिरिक्त केबल डालकर बिजली चोरी होते मिली। वीडियोग्राफी करने के उपरांत कनेक्शनधारकों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
अधिशासी अभियंता नगर जागेश कुमार ने बताया, 688 बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए हैं। करीब 80 लाख रुपये का राजस्व भी वसूला गया है।
तीन महीने के बकाये पर कॉल कर गुजारिश
-राजस्व वसूली का लक्ष्य पूर्ण करने में जुटे अधिकारी-कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को चिह्नित किया है। छह महीने तक बिल अदा नहीं करने पर उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के निर्देश हैं। तीन महीने के बकायेदारों को सूचीबद्ध करते हुए कॉल कर बिल जमा करने की गुजारिश की जा रही है।
-
प्रत्येक खंड के अधिशासी अभियंता को राजस्व वसूली व चेकिंग अभियान करने के निर्देश दिए गए हैं। बकायेदारों से बिल अदा करने की अपील की जा रही है। बिजली चोरी पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज करा रहे हैं।
जेपी वर्मा, एसई-बिजली निगम