मीरानपुर कटरा में फुंके केबल बॉक्स को ठीक करते बिजली कर्मचारी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा। क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति का केबल बॉक्स फुंकने से नगर समेत करीब 80 गांवों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 13 घंटे बाद फाल्ट सही होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
बता दें कि नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र की सप्लाई को आई 33 केवीए विद्युत लाइन का केबल बॉक्स शनिवार रात करीब 10 बजे फुंक गया। इससे नगर समेत गांव देहात की सप्लाई को जुड़े मदनापुर, तिलहर, इंदरपुर, खुदागंज देहात फीडर से जुड़े करीब 80 गांवों में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। रविवार सुबह करीब 11 बजे केबल बॉक्स बदला गया।
इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता शिवसरण प्रसाद ने बताया कि शनिवार शाम 33 केवीए का केबल बॉक्स जल गया था। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। कर्मचारियों ने मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी है। संवाद