कांट (शाहजहांपुर)। गीले फर्श पर रखे टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से जगदीश (50) व उनके पौत्र राजकुमार (8) की मौत हो गई।
कृभको खाद फैक्टरी में पल्लेदारी करने वाले व ठेले पर अचार बेचने वाले जगदीश बुधवार सुबह नौ बजे पौत्र राजकुमार के साथ कमरे में बैठे थे। राजकुमार गांव के स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। बारिश की वजह से अवकाश होने पर वह स्कूल नहीं गया था। इस बीच फर्श की धुलाई कर टेबल फैन चला दिया गया। इस दौरान पंखे में करंट उतर आया।
कुछ देर बाद राजकुमार खेलते हुए वहां पहुंचा और पंखे को छू लिया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। वहां बैठे जगदीश उसे बचाने के लिए दौड़े। करंट के झटके से राजकुमार दूर जा गिरा और उसकी मौत हो गई। करंट की चपेट में आकर जगदीश ने भी दम तोड़ दिया। जगदीश के पुत्र आकाश ने पंखे का स्विच बंद किया। परिजन जगदीश व राजकुमार को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। संवाद
पिता को बचाने में बेटे आकाश को लगा झटका, तब बंद किया स्विच
- शोर सुनकर आकाश दौड़कर आया तो भतीजा कमरे में किनारे पड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
कांट। पंखे में करंट उतरने के दौरान जगदीश और उसके पोते राजकुमार के अलावा बेटा आकाश भी आंगन में काम कर रहा था। शोर सुनकर पिता को बचाने आया आकाश को भी करंट का झटका लगा, तब उसने दूसरे हाथ से स्विच बंद किया।
लगातार बारिश होने की वजह से जगदीश का पूरा मकान गंदा हो गया था। बारिश रुकने पर कमरे को साफ करने के लिए धुलाई की गई थी। सफाई होने के बावजूद नमी रह गई थी। इसके चलते टेबल फैन में करंट उतर आया। राजकुमार के पंखा छूने के बाद करंट से उसकी मौत हो गई। बचाने आए जगदीश भी चपेट में आ गए। शोर सुनकर बाहर आंगन में खड़ा जगदीश का बेटा आकाश भी दौड़ पड़ा।
वह कमरे के अंदर आया तो कमरे में राजकुमार जमीन पर पड़ा था। उसने जगदीश को जैसे ही छुआ, तभी उसे करंट का झटका लगा। दूसरे हाथ से उसने पंखे का तार खींचा और स्विच बंद कर दिया। अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि सूचना आने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है।
दो मौत से परिवार में मातम
हादसे के बाद परिवार में मातम है। अपने बड़े बेटे राजकुमार की फोटो देखकर तेज सिंह बिलख पड़ा। वह ड्राइवरी कर अपने परिवार का लालन-पालन कर रहा था। उनकी पत्नी आरती के आंसू नहीं रुक रहे हैं। उनकी एक बेटी मानवी व दूसरा आरव है। दूसरी ओर जगदीश के बेटे श्याम सिंह, तेज सिंह, लक्ष्मी, अर्चना, आकाश और विराज भी काफी गमजदा हैं।
राजकुमार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
राजकुमार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
राजकुमार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन