शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र में खुदागंज मार्ग पर बुधवार को दोपहर कल्याणपुर गांव के पास एक बाइक को पीछे से आए ट्रक की टक्कर लग गई। इस हादसे में बाइक चला रहे विक्रमपुर चकौरा गांव के सहदेव सिंह को मामूली चोटें आईं, लेकिन पीछे बैठीं उनकी पत्नी संजो देवी अपने अबोध बेटे सार्थक समेत नीचे गिर गईं। ट्रक का पहिया संजो देवी के पैर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक समेत ट्रक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
सहदेव ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की दवा लेने निगोही जा रहे थे। घायल महिला और उसके बेटे को पुलिस ने सीएचसी पर भेजा। वहां दोनों को प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। संवाद