खुटार। एक ही बीडीसी सीट से दो लोगों को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया गया। मामला संज्ञान में आने पर खलबली मच गई। बाद में एक प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया।
खुटार के लक्ष्मीपुर बीडीसी सीट से मतगणना के बाद प्रदीप सिंह और धनदेवी को जीत के प्रमाणपत्र दे दिए गए। जीत का प्रमाणपत्र मिलने के बाद दोनों लोग अपने को क्षेत्र पंचायत सदस्य बताते हुए समर्थकों के साथ खुशियां मनाने लगे तो विजेता धन देवी के समर्थकों में खलबली मच गई। उनके समर्थकों ने प्रदीप सिंह के समर्थकों से मिठाई बांटने का कारण पूछा तो प्रदीप सिंह के समर्थक जीत का दावा करते हुए प्रमाणपत्र दिखाने लगे। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो एक ही सीट से दो लोगों को जीत का प्रमाणपत्र मिलने की सूचना की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि प्रदीप सिंह को जीत का प्रमाणपत्र गलती से दे दिया गया है। बाद में प्रदीप सिंह का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया। आरओ कृष्ण जायसवाल ने बताया कि मानवीय भूल के चलते दो प्रमाण पत्र जारी हो गए थे। जांच कर जांच कर प्रदीप सिंह का प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया गया है। धन देवी को विजयी घोषित किया गया है।