शाहजहांपुर। जनपद के विभिन्न विकास खंडों की जिन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशियों का आकस्मिक निधन होने के कारण चुनाव प्रक्रिया रोकनी पड़ी थी। वहां चुनाव कराने के लिए संबंधित ब्लॉक कार्यालयों में शुक्रवार को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक नामांकन होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/ डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जनपद में ऐसी छह ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव कार्यक्रम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया।
विकासखंड भावलखेड़ा की ग्राम पंचायत कनेंग, पुवायां ब्लॉक की आंवा दुगैयां, जलालाबाद ब्लॉक की गुनारा और मऊ शाहजहांपुर, जैतीपुर ब्लॉक की अगरौली और निगोही की भरतापुर में प्रत्याशी का निधन होने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। प्रभारी जिला विकास अधिकारी व परियोजना निदेशक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इन सभी सीटों पर इससे पूर्व नामांकन कराने वाले जिन प्रत्याशियों के उम्मीदवारी के पर्चे जांच में वैध पाए गए, उन्हें दोबारा नामांकन कराने की आवश्यकता नहीं है।
प्रभारी डीडीओ के अनुसार वैध नामांकन वाले सभी प्रत्याशी चुनाव में स्वत: शामिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने की अवधि पूरी होने के तत्काल बाद प्राप्त नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी। एक मई को दोपहर दो बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे और इसके तुरंत बाद उसी दिन उम्मीदवारों को प्रतीक चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। इन सभी ग्राम पंचायतों में नौ मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा और 11 मई को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी जो इस कार्य की समाप्ति तक जारी रहेगी।