शाहजहांपुर। एडीजे (प्रथम) आशीष वर्मा ने मीरानपुर कटरा नगर पंचायत के अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी को नामांकन पत्र में आपराधिक रिकॉर्ड छुपाने का दोषी पाए जाने पर अयोग्य ठहरा दिया। इसके साथ ही अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया को शून्य एवं अमान्य करते हुए पद रिक्त घोषित कर दिया है। अदालत ने चार साल तक मुख्तियार अहमद के किसी भी चुनाव को लड़ने पर रोक भी लगा दी है।
13 मई 2023 को कांग्रेस प्रत्याशी मुख्तियार अहमद अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित हुए थे। यह सीट ओबीसी के लिए आरक्षित थी। भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता व फॉरवर्ड ब्लॉक की प्रत्याशी पूजा कसाना की ओर से अदालत में याचिका दायर की थी। इसमें दावा किया गया था कि नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करते समय मुख्तियार ने अपना आपराधिक रिकॉर्ड छिपाया था। नामांकन पत्र के साथ फर्जी और कूटरचित प्रपत्रों को संलग्न करके चुनाव आयोग को भ्रमित किया। यह कहते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए मुख्तियार अहमद मसूदी के चुनाव को निरस्त करने की मांग की गई थी। अदालत में मुख्तियार का आपराधिक रिकॉर्ड भी प्रस्तुत किया गया। मुख्तियार पर पीलीभीत के थाना कोतवाली में चोरी, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम के तहत आठ मामले दर्ज थे। इनमें से सात मामलों में उन्हें दोषसिद्ध किया गया था।
नगर की सम्मानित जनता ने विश्वास जताते हुए मुझे चुनाव में निर्वाचित किया था। मैं फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करूंगा।
- मुख्तियार अहमद मसूदी
0000
समीउश्शान खां की मदद से बने थे कटरा के नगर पंचायत अध्यक्ष, फिर विवादों में घिरे मुख्तियार
मीरानपुर कटरा / शाहजहांपुर। मूलरूप से पीलीभीत के रहने वाले मुख्तियार अहमद पूर्व चेयरमैन समीउश्शान खां की मदद से ढाई साल पहले कांग्रेस के टिकट से मीरानपुर कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष बने थे। समीउश्शान ने ही उसे शरण दी थी और नगर पंचायत में ओउटसोर्सिंग कर्मी के रूप में रखवाया था। वहीं, मुख्तियार के अध्यक्ष बनने के बाद उनके कामकाज में समीउश्शान खां के दखल देने के कारण ईओ से ठनी रही। मामला काफी चर्चा में रहा था।
कटरा नगर पंचायत चुनाव में 22 प्रत्याशी मैदान में थे। यहां के 31465 में से 16917 मतदाताओं ने वोट डाले थे। 13 मई 2023 को हुई मतगणना के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी मुख्तियार को 3344 मत प्राप्त हुए थे। दूसरे स्थान पर रहीं पूजा कसाना को 2597 और तीसरे स्थान पर रहीं सोनम गुप्ता को 2569 वोट मिले थे।
भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता की ओर से अदालत में दाखिल की गई याचिका में कहा गया था कि मुख्तियार पीलीभीत के बुजकसावान का रहने वाला है और वहीं उसका वोट बना हुआ है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसने कटरा के पूर्व चेयरमैन समीउश्शान खां के यहां शरण ली थी। पिछले कार्यकाल में समीउश्शान खां की पत्नी चेयरमैन थीं।
समीउश्शान खां उस समय मुख्तियार को आउटसोर्सिंग पर लगाकर अपना घरेलू काम कराते थे। उन्हीं के सहयोग से उसने अवैध रूप से कटरा में वोट बनवा लिया। नगर पंचायत की सीट के ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित होने पर मुख्तियार को कांग्रेस का प्रत्याशी बनवा दिया। नामांकन के बाद समीउश्शान खां ने पूरा चुनाव लड़वाया और खर्चा उठाया। मुख्तियार केवल मुखौटा प्रत्याशी रहा।
वहीं, चुनाव जीतने के बाद मुख्तियार के कामकाज पर समीउश्शान खां का हस्तक्षेप रहा। मुख्तियार के मुताबिक, वह अशिक्षित हैं, इसलिए समीउश्शान खां का सहयोग लेते थे। दखलअंदाजी से ईओ से तकरार हो गई थी। ईओ ने पूर्व चेयरमैन समीउश्शान खां पर कार्यालय की गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाते हुए परिसर में घुसने से रोकने का नोटिस जारी कर दिया था। इस पर मुख्तियार ने ईओ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।
इधर न्यायालय ने आदेश की प्रति डीएम शाहजहांपुर समेत स्थानीय नगर पंचायत निकाय निदेशक आदि को प्रेषित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
नगर की सम्मानित जनता ने विश्वास जताते हुए मुझे चुनाव में निर्वाचित किया था। मैं फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करूंगा।
- मुख्तियार अहमद मसूदी
भाजपाइयों ने जताई खुशी
मीरानपुर कटरा। कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी के निर्वाचन को निरस्त करके अध्यक्ष पद को रिक्त घोषित करने के न्यायालय के फैसले पर ढोल-नगाड़ों के साथ पटाखे दागकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, सर्वेश कश्यप, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र कुमार गुप्ता, अमित मिश्रा, विश्वनाथ त्रिपाठी, सूरज कश्यप, सुमित गुप्ता, सोनम गुप्ता आदि ने आतिशबाजी चलाई और मिठाई बांटी। न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए खुशी का इजहार किया है। पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ने कहा कि न्यायालय के फैसले से नगर की जनता की जीत हुई है। न्यायालय का फैसला नगर की जनता के हित में है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि अदालत में सच साबित हो गया है। संवाद
आपराधिक रिकॉर्ड वाले चेयरमैन मुख्तियार अहमद मसूदी के विरुद्ध दिया गया न्यायालय का फैसला नगर की जनता के हित में आया है। मैं न्यायाधीश के फैसले का सम्मान करती हूं। मेरा पूर्ण विश्वास है कि राजनीति में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के आने पर रोक लगेगी।
- सोनम गुप्ता, भाजपा प्रत्याशी
मीरानपुर कटरा नगर पंचायत की जनता को अब कोर्ट से न्याय मिला है। कटरा में नया सवेरा हुआ है। नगर पंचायत को भ्रष्टाचार मुक्त करने एवं जनता को न्याय दिलाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर न्यायालय का फैसला जनता की जीत है।
- पूजा कसाना, फॉरवर्ड ब्लाॅक प्रत्याशी
कांट नगर पंचायत अध्यक्ष के सीज हुए थे वित्तीय अधिकार
शाहजहांपुर। शासन ने कांग्रेस से कांट नगर पंचायत अध्यक्ष मुनरा बेगम के इस वर्ष जुलाई में वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। लगभग एक महीने बाद हाईकोर्ट से अधिकार बहाल किए थे।
नगर पंचायत कांट में आयोजित होने वालीं बोर्ड बैठकों के अध्यक्ष के रूप में मुनरा बेगम के शामिल न होने के बावजूद बोर्ड से प्रस्ताव पारित किए जाने की डीएम से शिकायत की गई थी। सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह की जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि चेयरमैन की जगह उनके बेटे रईस मियां बोर्ड बैठक में शामिल होते थे। रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अध्यक्ष के वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियों का प्रयोग एवं निष्पादन जिला मजिस्ट्रेट अथवा उनकी ओर से नामित किसी अधिकारी द्वारा करने के आदेश किए थे। बाद में उच्च न्यायालय ने चेयरमैन के वित्तीय अधिकार बहाल करने के आदेश दिए थे। संवाद
00
अदालत से मिली अनुज को राहत
मीरानपुर कटरा। मोहल्ला कायस्थान वार्ड संख्या-10 से निर्वाचित सदस्य अनुज त्रिपाठी का चुनाव निरस्त करने संबंधी याचिका को न्यायालय ने खारिज कर दिया है।
पूर्व नगर पंचायत सदस्य भाजपा नेता विश्वनाथ त्रिपाठी ने अपर जिला सत्र न्यायाधीश की अदालत में याचिका दायर की थी। इसमें बताया था कि मतगणना में गड़बड़ी करके अनुज त्रिपाठी को 12 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया। फिर से मतगणना कराने के लिए प्रार्थना पत्र देने पर भी मतगणना स्थल पर उपस्थित अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया।
पूर्व नगर पंचायत सदस्य की याचिका पर अपर जिला न्यायाधीश-प्रथम आशीष वर्मा ने सुनवाई करते हुए निर्वाचित वार्ड सदस्य अनुज त्रिपाठी के चुनाव को निरस्त करने संबंधी याचिका को खारिज कर दिया है। वहीं, न्यायालय ने चेयरमैन पद का चुनाव शून्य घोषित करने के आदेश की प्रति डीएम शाहजहांपुर समेत स्थानीय नगर पंचायत निकाय निदेशक आदि को प्रेषित करने के आदेश जारी किए हैं। संवाद
मीरानपुर कटरा में कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी का निर्वाचन रद्द होने पर
मीरानपुर कटरा में कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी का निर्वाचन रद्द होने पर
मीरानपुर कटरा में कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी का निर्वाचन रद्द होने पर