तिलहर। भीषण गर्मी में पिछले पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने पर गुस्साए लोगों ने सोमवार को तिलहर उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद बिजली विभाग के अधिकारी हरकत में आए और टूटा तार ठीक कराने के बाद आपूर्ति शुरू करा दी गई।
तिलहर तहसील क्षेत्र के गांव चांदपुर, हरभानपुर, निजामपुर ,धर्मपुरकंजा, नरसानगला और राजूपुर में 30 जून से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव हरभानपुर के उधम पाल ने बताया कि तालवीपुर दियुरिया में 30 जून को 11 केवीए बिजली लाइन का तार टूटकर एक युवक की झोपड़ी पर गिर गया था। आरोप है कि तार टूटने की सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से आधा दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति बंद है। ऊपर से भीषण गर्मी पड़ रही है।
सोमवार को पांचों गांवों के के लोग इकट्ठे होकर बिजली उप केंद्र पहुंचे और अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एसडीओ और जेई से मिलकर तत्काल लाइन को दुरुस्त कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। अधिकारियों के निर्देश पर दोपहर बाद तार जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। प्रदर्शन के दौरान उधमपाल, बृजेश, पवन वर्मा, श्याम राजपूत, भगवानदीन, जसवंत, दीपक वर्मा, अशोक, राम अवतार, मनोज आदि रहे।
11 केवीए की बिजली का तार टूट गया था। ग्राम समाज की जमीन पर एक झोपड़ी पर तार गिर गया था। कर्मचारी को तार जोड़ने के लिए भेजा था, लेकिन झोपड़ी वाले ने कर्मचारी को भगा दिया। इसके बाद सोमवार को कर्मचारियों को दोबारा भेजकर टूटे तार को जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी गई है। - नरेंद्र कुमार, अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र तिलहर।