कंबल मिलने की आस में तिलहर तहसील पहुंचे लोग। संवाद
तिलहर। कड़ाके की सर्दी में कंबल मिलने की उम्मीद लेकर शुक्रवार को तहसील परिसर पहुंचे बुजुर्गों को घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर लौटना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, पात्रों को पहले चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद ही कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे।
शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे से बड़ी संख्या में जरूरतमंद बुजुर्ग ठिठुरते हुए तहसील परिसर में पहुंचने लगे। दिन में एक बजे तक कंबल वितरण न होने से उनकी परेशानी बढ़ गई। सर्द हवाओं के बीच बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष खुले परिसर में बैठकर इंतजार करते रहे।
कंबल नहीं मिलने पर मायूस होकर घर लौट गए। एसडीएम सदानंद सरोज ने स्पष्ट किया कि तहसील परिसर में कंबल वितरण नहीं किया जाता है। शासन के निर्देश पर अधिकारी व कर्मचारी चिह्नित क्षेत्रों में जाकर पात्र लोगों की पहचान करते हैं और वहीं कंबल वितरित किए जाते हैं। वहीं, बुजुर्गों ने बताया कि सही जानकारी पहले मिल जाती तो भीषण सर्दी में तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
ग्रामीण और नगर क्षेत्र में चिह्नित किए एक हजार लोगों को कंबल वितरण किए जाएंगे। जल्द ही पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा। कंबल वितरण किए जाएंगे।
- सदानंद सरोज, एसडीएम
लायंस क्लब शक्ति ने लोगों को कंबल बांटे
लायंस क्लब शक्ति के पदाधिकारियों ने भावलखेड़ा ब्लाॅक के अर्जुनपुर बरमौला में गर्म कपड़ों व कंबलों का वितरण किया। अध्यक्ष ललिता यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव में लोगों को कंबल और गर्म कपड़ों की आवश्यकता है। क्लब ने सौ कंबल बांटे। प्रीति द्विवेदी, प्रियंका बियानी, शाश्वत, श्रेयसी आदि मौजूद रहीं। संवाद