भूपराम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
पत्नी की भी हादसे में हुई थी मौत, तारीख लेने जा रहे थे कचहरी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। सिंधौली के ढकिया हमीदनगर गांव निवासी 70 वर्षीय भूपराम बृहस्पतिवार सुबह बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। देर रात राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह कचहरी जाने के लिए सड़क पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
तौलेराम ने बताया कि भाई भूपराम की पत्नी चमेली की 2019 में हादसे में मौत हो गई थी। इसका मुकदमा चल रहा है। बृहस्पतिवार को मुकदमे की तारीख थी। भाई कचहरी जाने के लिए सड़क पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक रस्सी से दूसरी खराब बाइक को बांधकर तेज रफ्तार से गुजरा।
बाइक की टक्कर लगने से सड़क पर खड़े भूपराम गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचकर भाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सिंधौली थाना प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि मृतक के नाती सचिन की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
भूपराम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन