थाना सदर बाजार क्षेत्र में कचहरी हाल्ट के पास बुधवार को ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड पर सहारनपुर का पता लिखा हुआ है।
एसआई इंद्रेश राजपूत ने बताया कि बुधवार रात करीब 10.30 बजे स्टेशन अधीक्षक एके गौतम को कचहरी हाल्ट के पास अप लाइन पर किसी व्यक्ति का शव पड़ा होन की सूचना मिली। इसके बाद एसआई इंद्रश टीम के साथ मौके पर गए। मरने वाला नीले रंग की टी शर्ट और सुरमई रंग की पैंट पहने था। उसके बैग में आधार कार्ड मिला है, जिसमें उसका नाम राजेंद्र सिंह निवासी पर्ल स्कूल के पास अभिषेक नगर थाना सदर बाजार सहारनपुर लिखा है। यहां से सूचना देने पर सहारनपुर पुलिस मृतक के घर गई तो दरवाजे पर ताला पड़ा था। इससे मृतक के परिवार वालों से संपर्क नहीं हो सका। उसके पास बेटे अभिषेक सिंह के कागजात और आधार कार्ड मिले हैं। इससे प्रतीत होता है कि मृतक अपने बेटे की नौकरी के सिलसिले में कहीं जा रहा था। उसके परिवार वालों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।