शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की खेलकूद की सूची में आठ नए खेल जोड़े गए हैं। क्रिकेट, एथलेटिक्स के अलावा योगासन और मार्शल आर्ट को भी खेल में शामिल किया गया।
वर्ष 2024 में एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 24 खेलों को शामिल गया था। इसमें दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक, कुश्ती, कबड्डी आदि खेलों में छात्र-छात्राएं अपना दम दिखाते हैं। वर्षों से यही खेलकूद होते आए हैं। इस वर्ष नए खेलकूद जोड़े गए हैं।
जिला क्रीड़ा सचिव कैप्टन रामकुमार ने बताया कि ग्रीको रोमन, मलखंभ, कलारी पयट्टू, वुशु, सेपक टाकरा, मार्शल आर्ट, योगासन, शतरंज को खेलकूद में सूची में शामिल किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में इन खेलों का आयोजन कराया जा रहा है।
सूची में खेल शामिल, टीमें गायब
सूची में शामिल किए गए खेल ज्यादा प्रचलित नहीं हैं। इसके चलते छात्र-छात्राएं ज्यादा रुचि नहीं ले रहे हैं। मलखंभ खेल की टीम नहीं है। इस वजह से जिला स्तरीय प्रतियोगिता को रद्द कर दिया गया। कई अन्य खेलों की एक मात्र टीम होने पर उसके ही खिलाड़ियों को मंडल की टीम के लिए चयनित कर लिया गया।