रविवार को मनाए जाने वाले मतदाता दिवस के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए शहर के एसएस कॉलेज और जीएफ कॉलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पक्ष और विपक्ष में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
एसएस कॉलेज में राजनीतिशास्त्र विभाग और एनएसएस की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का विषय रहा-भारत में मतदान को अनिवार्य होना चाहिए। विषय के पक्ष में गरिमा पांडेय और विपक्ष में व्याख्या सक्सेना ने पहला स्थान पाया। रजत वर्मा, हेमंत सक्सेना, सौम्या दीक्षित और सानू त्रिवेदी के विचार भी सराहे गए। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र ने देश की आबादी में शामिल 60 फीसदी युवाओं में मतदाता जागरूकता लाने की जरूरत है क्योंकि यही पीढ़ी नई दिशा देगी।
निर्णायक मंडल में डॉ. हरीचरण यादव, डॉ. जयशंकर ओझा और डॉ. प्रशान्त अग्निहोत्री शामिल रहे। डॉ. आलोक मिश्र, डॉ. राजबहादुर, डॉ. मधुकर श्याम शुक्ला, डॉ. विकास खुराना आदि ने मतदान की महत्ता बताई। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आदित्य सिंह ने सभी का आभार जताया।
उधर, जीएफ कॉलेज में ‘मतदाता जागरूकता: स्वस्थ लोकतंत्र की आवश्यकता’ विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसके पक्ष-विपक्ष में श्रेष्ठ विचार देकर मोहम्मद मुबीन सिद्दीकी और नीलेश यादव ने बाजी मारी। इसी कड़ी में विकास सोनी और अरुण कुमार के विचार सराहे गए। इससे पूर्व, प्राचार्य डॉ. अकील अहमद ने वर्तमान संदर्भ में मतदाता की प्रासंगिकता बताई। निर्णायक मंडल में डॉ. अब्दुल वहाब, डाू. अब्दुल मोहम्मद और डॉ. साजिद खां शामिल रहे। संचालन डॉ. सुहेल अख्तर नकवी ने किया और डॉ. आयशा जेबी ने आभार जताया।