शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर जनपद के विकासखंडों में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए प्रेरणा एप के प्रशिक्षण का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। भावलखेड़ा ब्लाक में सभी न्याय पंचायत प्रभारी सहित 42 शिक्षकों ने स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक पद से त्यागपत्र देते हुए नियुक्त नियमावली के अनुसार अपने मूल पद सहायक अध्यापक, प्रधान अध्यापक प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही। सभी शिक्षकों ने अपने त्यागपत्र अभी बीएसए को देने के बजाय संघ को दिए हैं। इस संबंध में संघ बीएसए से बात करेगा।
इस अवसर पर संघ के जिला मंत्री देवेश वाजपेई ने कहा की प्रेरणा एप में व्यवहारिक रूप से बहुत समस्याएं हैं, यदि सरकार संघ के 12 सूत्री मांगों को मान लेती है तो वह प्रेरणा एप को स्वीकार कर लेंगे। अन्यथा शिक्षकों के मान सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ प्रेरणा एप सहित अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रांतीय निर्देशानुसार सभी शिक्षक पांच सितंबर को दोपहर 12 बजे बीएसए कार्यालय पर एकत्रित होकर शिक्षक सम्मान बचाओ दिवस मनाएंगे। साथ ही 11 से 13 सितंबर को अपरान्ह दो से पांच बजे तक जिला मुख्यालय पर उपस्थित होकर धरना प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे। ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मंत्री अरविंद त्रिपाठी, रामसुख, फैयाज हसन, बृजेश कुमार, सुशीला देवी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। इधर, सिंधौली में ब्लाक अध्यक्ष नवेंदु मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रेरणा एप का विरोध किया।
शाहजहांपुर। बीएसए राकेश कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह शिक्षक दिवस के पूर्व चार सितंबर को शाम चार बजे प्राथमिक शिक्षकों को सम्मानित किए जाने और इंटीग्रेटेड शिक्षा प्रणाली प्रेेरणा एप एप्लीकेशन के मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कराने के लिए प्रत्येक टेलीकास्टिंग प्वाइंट पर न्यूनतम 100 शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। यह कार्यक्रम विकास खंड के प्रत्येक प्रत्येक बीआरसी केंद्र पर चलाया जाएगा।