माध्यमिक कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों को नवीन तकनीक से अवगत कराने के लिए अरविंदो सोसाइटी ने प्रशिक्षण शिविर चलाया, जिसका समापन शुक्रवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज में हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) शिव प्रकाश द्विवेदी ने सभी को प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्देश्यों से अवगत कराया।
भारत सरकार की ओर से चले 21 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को पांच चरणों में बांटा गया था। चार चरणों में शिक्षकों को तथा एक चरण में प्रधानाचार्यों को शिक्षण की नवीन तकनीक के गुर सिखाए गए। डीआईओएस कमलाकर पांडेय के मार्ग दर्शन में चले प्रशिक्षण में जिले के कुल 1040 शिक्षकों ने सहभागिता की। समापन पर मुख्य अतिथि जेडी श्री द्विवेदी ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वह नई तकनीक से छात्र-छात्राओं को शिक्षित कर उनका भविष्य सुधारने में महती भूमिका निभाएं। इस दौरान प्रशिक्षकों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से भी उपयोगी जानकारी शिक्षकों को दी। प्रधानाचार्य सैयद जुबैर अब्दुल कादिर ने आभार व्यक्त किया।