मुमुक्षु युवा महोत्सव में 25 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान शहर में जाम न लगे। इसलिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान बनाकर छोटे और भारी वाहनों के लिए अलग से रास्ता तय कर दिया है। इसके साथ ही चेतावनी जारी की गई है कि शहर के अंदर टेंपो, ई-रिक्शा पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। यह ट्रैफिक प्लान सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगा।
शहर में आए दिन लगने वाले जाम की स्थिति से प्रशासन बखूबी वाकिफ है। जाम की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए कई बार प्लान बनाए गए, लेकिन ठोस निर्णय के कारण नियम को पूरी तरह से लागू नहीं किया जा सका। चूंकि 25 फरवरी को जिले में मुमुक्षु युवा महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। इसलिए शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में लोगों को जाम से जूझना न पड़े और मुख्यमंत्री की सभा तक पहुंचने में आसानी हो। इसके लिए ट्रैफिक प्लान बनाकर छोटे और भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। जबकि शहर के अंदर ई-रिक्शा को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
वाहनों के निकलने के रूट तय
मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत बस स्टैंड से बरेली मोड़, जलालाबाद, लखनऊ, सीतापुर जाने वाली बसें जीआईसी तिराहे से हथौड़ा चौराहा, जमुका तिराहा होकर निकाली जाएंगी। पक्का पुल बरेली मोड़ का रास्ता सभी प्रकार के टेंपो, मैजिक, पिकअप, बड़े वाहन व ई-रिक्शा के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। अंटा चौराहे से बांस मंडी-छाया कुआं से हनुमत धाम, ग्रीन वैली चौराहे से नया हनुमत सेतु वाले रास्ते भी पूरी तरह से बंद रहेंगे। रोडवेज से बरेली मोड़ जाने वाले आटो, टेंपो, मैजिक, जीआईसी तिराहा, हथौड़ा चौराहा, पुत्तूलाल चौराहा, हरदोई चौराहा होकर निकलेंगे। ई-रिक्शा सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक शहर में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। वहीं मेजबान से पुत्तूलाल और मेजबान से ग्रीन वैली के लिए भी भारी वाहन पूरी तरह से बंद रहेंगे। शहर क्षेत्र से होकर निगोही, बीसलपुर के रास्ते पीलीभीत, बरेली जाने वाले भारी वाहन हथौड़ा चौराहा से मोहम्मदी, पुवायां से निगोही होकर निकलेंगे। पीलीभीत व बरेली से आने वाले वाहन मोहम्मदी होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
शहर में जाम की स्थिति न बने, इसलिए रूट डायवर्ट करते हुए भारी वाहनों के निकालने की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था सुबह छह से रात आठ बजे तक रहेगी।
विपिन शुक्ला, टीएसआई