परिवहन विभाग द्वारा बैटरी से चलने वाले ई-रिक्शा पर प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका से नाराज रिक्शा चालकों ने मंगलवार को दोपहर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करके अपना विरोध दर्ज कराया।
बाद में ई-रिक्शा यूनियन का शिष्टमंडल मोहम्मद शरीफ अल्वी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट से मिला और उन्हें डीएम के नाम ज्ञापन देकर ई-रिक्शा पर प्रतिबंध नहीं लगाने के बारे में कई तर्क दिए। ज्ञापन में कहा गया है कि बैटरी से चलने वाले ई-रिक्शा में कोई गियर नहीं होता और वह सीमित रफ्तार से एक निश्चित दूरी ही तय कर सकता है। इन रिक्शों से कोई प्रदूषण भी नहीं होता, इसलिए उन्हें अन्य वाहनों की तरह प्रतिबंध से मुक्त रखा जाए। प्रदर्शन में अरुण शुक्ला, प्रेम मौर्य, इरशाद, मीनू, रामरतन, अंकित कुमार, पातीराम वर्मा, साबिर अली, गुरमेज सिंह, रामदास आदि शामिल रहे।