रोजा में थाने में तहरीर देने पहुंचे ई-बस के चालक-परिचालक। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर / रोजा। रोडवेज बस अड्डे जाते समय ई-बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट के बाद सुबह दस से दिन में डेढ़ बजे तक बसों का संचालन ठप रहा। विरोध में चालकों ने पुराने हरदोई बस अड्डे पर बसों को खड़ा कर प्रदर्शन किया। इस बीच सिटी बस सेवा के प्रबंधक के साथ रोजा थाने में पहुंचकर तहरीर दी गई। कार्रवाई के आश्वासन के बाद संचालन शुरू किया गया।
ई-बस के परिचालक अनुज कुमार ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह ई-बस लेकर रोजा से रोडवेज बस स्टैंड जा रहे थे। तभी ग्रीन वैली तिराहे के पास युवक ने बस रोकने का इशारा किया। देख नहीं पाने के कारण बस नहीं रोकी। इसके बाद पीछे से स्कूटी से आकर बस रोक ली।
आरोप है कि इसके बाद बस के अंदर घुसते ही गाली-गलौज व मारपीट की। परिचालक हरिओम ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाला युवक अपने अन्य साथी के साथ लोधीपुर पहुंच गया और फिर मारपीट करने लगा। इस दौरान कैश बैग से नकदी निकाल ली। चालक व परिचालक के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही शहर में चलने वाली सभी ई-बसों के चालकों ने संचालन बंद कर दिया।
इंस्पेक्टर रोजा राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।