शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने के लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बोर्ड से आए पत्र के बाद डीआईओएस ने कॉलेज संचालकों को शिक्षकों का डाटा ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की नियुक्ति हो सके।
डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बताया कि इंटरमीडिएट के अंग्रेजी विषय की पुन: परीक्षा 13 अप्रैल को हुई थी। इसके साथ ही यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं समाप्त हो गईं हैं। अब उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। इसके लिए विषयवार शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
इस बार परीक्षाएं कराने के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगी थी, उसी तरह से मूल्याकंन के लिए शिक्षकों की तैनाती भी ऑनलाइन माध्यम से ही होगी। इसके लिए शिक्षकों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों के विषयवार शिक्षकों का डाटा जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाए। इससे परीक्षकों की नियुक्ति हो सके।