शाहजहांपुर। रोडवेज में अनुबंध की वैधता समाप्त होने पर 10 चालकों समेत 18 संविदा चालक-परिचालकों को ड्यूटी से रोक दिया गया है। अब अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही उन्हें बसों के संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस और उसके नवीनीकरण से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराने होंगे।
परिवहन निगम के बेड़े में कुल 217 बसें हैं। इनमें 76 अनुबंधित बसें शामिल हैं। पिछले दिनों केंद्र प्रभारी शेर सिंह ने अनुबंध समाप्त होने पर 18 चालक-परिचालकों को ड्यूटी पर जाने से रोकने का सुझाव दिया था। इसके बाद एआरएम ने इस पर अमल कराया। ड्यूटी से रोके गए कर्मचारियों में 10 चालक और आठ परिचालक शामिल हैं।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि जिन संविदा चालक-परिचालकों का अनुबंध समाप्त हो गया है, उन्हें अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होने तक ड्यूटी पर नहीं भेजा जाएगा। जिन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस वैध नहीं हैं, उन्हें लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। लाइसेंस की छायाप्रति सुरक्षित रखने और ऑनलाइन नवीनीकरण कराने वालों को उसकी रसीद प्रस्तुत करने के बाद ही ड्यूटी पर भेजा जाएगा।