कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर दंपति की मौत
मुड़िया पवार/सिंधौली। क्षेत्र के गांव कोटावारी में सोमवार रात 12 बजे अचानक कच्ची दीवार ढहने से बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मंगलवार सुबह एसडीएम ने लेखपाल के साथ गांव पहुंचकर मामले की जानकारी की और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
गांव कोटावारी निवासी 62 वर्षीय स्वामी दयाल के मकान में एक कच्ची दीवार के सहारे दोनों ओर छप्पर पड़ा था। दीवार के एक ओर छप्पर के नीचे वह पत्नी जयदेवी के साथ अलग-अलग चारपाई पर लेटे थे, दूसरी तरफ उनका बेटा दिनेश परिवार के अन्य लोेगों के साथ सोया हुआ था। रात लगभग 12 बजे अचानक कच्ची दीवार स्वामीदयाल और उनकी पत्नी की तरफ गिर गई और इससे दोनों लोग मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज के साथ ही बेटे दिनेश, अरविंद, जितेंद्र की आंख खुल गईं। माता-पिता को मलबे में दबा देख उन लोगों ने चीखपुकार मचानी शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग भी जाग गए। ग्रामीणों ने जल्दी-जल्दी मलबा हटाना शुरू किया, जब तक उन लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। गांव में मौजूद एक डॉक्टर को दिखाया लेकिन उसने मृत घोषित कर दिया। रात में ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मंगलवार सुबह इंस्पेक्टर राजवीर सिंह ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भिजवाए। मामले की जानकारी मिलने पर पुवायां एसडीएम मोईन उल इस्लाम, लेखपाल राजीव कुमार भी पहुंच गए और मामले की जानकारी कर आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। घटना की जानकारी मिलने पर तिलहर क्षेत्र के विधायक रोशनलाल ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया और मृतक दंपति के अंतिम संस्कार को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।