शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज गिहार बस्ती में कार की टक्कर से घर के बाहर बैठीं दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराई गया है। पुलिस के मुताबिक, कार में दो लोग सवार थे जो नशे में थे।
शनिवार को शाम करीब चार बजे बरेली मोड़ की ओर से शहर की तरफ जा रही कार से अजीजगंज गिहार बस्ती में घर के बाहर बैठीं विमला देवी पत्नी राजपाल, सीमा पत्नी ऋषिपाल को टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं।
लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर चालक ने बैक करके तेज स्पीड में गाड़ी आगे बढ़ाई तो सामने से आ रहे कमलनयन गुप्ता निवासी गांव नवादा इंदेपुर को भी टक्कर लग गई। नाराज लोगों ने कार को घेर लिया। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी मनोज कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने तीनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
चौकी प्रभारी ने बताया चालक को कार समेत हिरासत में ले लिया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी ने बताया है कि गाड़ी में दो लोग थे, जो नशे में धुत थे।